गाजीपुर। थाना नोनहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 05 घंटे के भीतर 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्परता से परिजनों में खुशी का माहौल रहा और उन्होंने गाजीपुर पुलिस की कार्यवाही की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, 05 अक्टूबर 2026 को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक 12 वर्षीय बालक थाना क्षेत्र में भटक रहा है। सूचना पर नोनहरा पुलिस ने बालक को थाने लाकर पूछताछ की। बालक ने अपना नाम भुवर पुत्र मख्खन, निवासी ग्राम विलौझा, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ बताया।
थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए बालक द्वारा बताए गए पते पर दूरभाष से संपर्क कर उसके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों को थाने बुलाकर आवश्यक पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई और बालक को उसके पिता मख्खन पुत्र युसुफ के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चे को सकुशल पाकर पिता ने राहत की सांस ली और नोनहरा पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम: थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी मय हमराह पुलिस टीम, जनपद गाजीपुर।

