गाजीपुर, 06 अक्टूबर। ‘स्वच्छ भारत मिशन’ एवं ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत जनपद के परिषदीय विद्यालयों में व्यापक स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान उत्साहपूर्वक चलाया गया। अभियान में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने परिसर, कक्षाओं, बरामदों और प्रांगण की सघन सफाई की। ईको क्लब के सदस्यों ने मैदान से सूखे पत्ते, प्लास्टिक एवं अन्य कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। विद्यालय भवन के कमरों और बरामदों की पानी से धुलाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार किया गया।

अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण भी किया। विद्यालय परिसर में गमलों और क्यारियों में पौधे लगाए गए तथा उनकी नियमित देखरेख का संकल्प लिया गया।

शिक्षकों ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीके, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता को स्थायी आदत के रूप में विकसित करना और विद्यालयों को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाना है।