गाजीपुर। शासन के निर्देश पर जनपद गाजीपुर के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया। अभियान के तहत मंगलवार को विद्यालयों की प्रार्थना सभा में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली।
शपथ के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और देश को संचारी रोगों से मुक्त कराने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे। व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ गांव, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया गया।
अभियान में लोगों को जागरूक किया गया कि संचारी रोग परिवारों के लिए आर्थिक और शारीरिक नुकसान का कारण बन सकते हैं। इसलिए बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर झाड़-फूंक और अंधविश्वास से दूर रहते हुए तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव और जलजमाव के कारण डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा दिमागी बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सजग किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बच्चे समाज में स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रभावी संदेशवाहक बन सकते हैं। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय परिसरों में किसी भी स्थिति में जलभराव न होने दिया जाए और संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से लगातार संचालित किया जाए।
स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ परिवार और सुरक्षित समाज का संदेश लेकर गाजीपुर के विद्यालयों में संचारी रोगों के खिलाफ जागरूकता की मुहिम तेज कर दी गई है।

