गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अक्टूबर 2026 को जनपद के निर्धारित मतदान केंद्रों एवं स्थलों पर मतदान को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। मतदान प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान से एक दिन पूर्व 22 अक्टूबर को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में उपस्थित होकर निर्वाचन सामग्री एवं मतपेटिकाएं प्राप्त करेंगे तथा संबंधित मतदान पार्टियों को निर्धारित समय पर मतदान स्थलों के लिए रवाना कराएंगे।
मतदान के दिन जोनल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का लगातार भ्रमण करेंगे, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित मतदान स्थलों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं एवं अभिलेखों को जिला निर्वाचन कार्यालय में सुरक्षित जमा कराया जाएगा।
प्रशासन ने मतदान स्थल के 200 मीटर के दायरे में प्रचार-प्रसार पर रोक के साथ आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

