गाजीपुर। खाद्य प्रसंस्करण विभाग, गाजीपुर के तत्वावधान में राजकीय फल संरक्षण केन्द्र परिसर में एक माह के कुकरी/बेकरी स्वयं रोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्घाटन उपायुक्त, जिला उद्योग एवं उद्यमिता प्रोत्साहन केन्द्र लोकेन्द्र कुमार तथा जिला उद्यान अधिकारी आशीष कुमार ने किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण से संबंधित किट बैग वितरित किए गए। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को कुकरी एवं बेकरी के क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं, कौशल विकास तथा व्यवसाय शुरू करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी आशीष कुमार एवं उपायुक्त लोकेन्द्र कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को उपयोगी व्याख्यान देते हुए प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक कौशल हासिल कर युवा अपने स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सै. हासिम महमूद, प्रभारी फल संरक्षण केन्द्र गाजीपुर ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। यह प्रशिक्षण युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण एवं बेकरी क्षेत्र में कौशल प्रदान कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

