गाजीपुर। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर पश्चिम की ओर से ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान के तहत ‘‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’’ श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन साईं मंदिर गंगा घाट पर किया गया। कार्यक्रम में बैंक के 50 से अधिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए घाट परिसर में श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर, क्षेत्रीय आश्वासन प्रमुख राकेश रंजन एवं एलडीएम राजदेव कुमार ने किया। कर्मचारियों ने सामूहिक प्रयास से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर ने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ पहल के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बननी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और समाज को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

