गाजीपुर। संचारी एवं मच्छर जनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज हो गया है। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राम कुमार ने गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की। अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग समेत 11 विभागों की टीमें आपसी समन्वय से कार्य करेंगी। टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ संभावित मरीजों की पहचान भी करेंगी।
सीएमओ ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग की टीमें स्वच्छता, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देंगी। जरूरत के अनुसार जांच, उपचार और दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक जनपद में डेंगू के 20 मरीज सामने आए हैं, जिनमें 16 अन्य प्रदेशों अथवा जनपदों से संक्रमित होकर आए थे। वहीं मलेरिया के 26 मरीज सूचित हुए, जिनमें 18 बाहर से संक्रमित होकर आए थे। उपचार के बाद सभी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
सीएमओ ने कहा कि बुखार होने पर लोग तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और स्वयं दवा लेकर इलाज न करें। डेंगू से बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने, मच्छररोधी क्रीम लगाने और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की अपील की गई।
अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई समेत 11 विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सीएमओ ने जनप्रतिनिधियों और आमजन से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।

