गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दिलदारनगर और ज़मानियां पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय भैंस चोरी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। रकसहा कांशीराम आवास योजना के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी भदौरा भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद चार अन्य आरोपियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार नट, रिफान शेख, बिमेलश नट, शबी हैदर उर्फ गुड्डू और मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पिकअप वाहन, स्कॉर्पियो, चोरी की एक भैंस और 62 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष दिलदारनगर संतोष कुमार राय एवं प्रभारी निरीक्षक ज़मानियां योगेंद्र सिंह अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ शामिल रहे।