गाजीपुर। स्वच्छ सेवा संकल्प के तहत नगर पालिका परिषद गाजीपुर द्वारा साई घाट पर भव्य स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में राज्यसभा सांसद श्रीमती संगीता बलवंत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद कुमार अग्रवाल सहित सभासदगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

अभियान में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी एवं कर्मचारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। सभी ने मिलकर साई घाट पर व्यापक साफ-सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया। आयोजन में करीब 2500 लोगों की सहभागिता रही, जिससे घाट पर स्वच्छता और जनभागीदारी का प्रभावशाली संदेश देखने को मिला।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय के निर्देशन में अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने और स्वच्छता को जनअभियान बनाने की अपील की गई।