गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन तैयारियों में तेजी आ गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश दिनांक 30 सितम्बर 2026 तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजीपुर में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) का कार्य 12 अक्टूबर 2026 से प्रारम्भ किए जाने का संभावित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
जनपद में एफएलसी के लिए 6275 बैलेट यूनिट (BU), 5073 कंट्रोल यूनिट (CU) तथा 4999 वीवीपैट (VVPAT) मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कराई जाएगी, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मशीनों की तकनीकी स्थिति एवं कार्यप्रणाली का परीक्षण समय से पूरा किया जा सके।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप एफएलसी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के तहत संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एफएलसी की अंतिम तिथि निर्धारित होने के बाद इसकी अलग से सूचना जारी की जाएगी।
चुनाव-2027 को लेकर यह प्रक्रिया निर्वाचन व्यवस्था को समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

