गाजीपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले में मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो को निर्धारित मानक के अनुरूप बढ़ाने के लिए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाना आवश्यक है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ (No Voter to be Left Behind) है। इसके तहत अर्ह युवा, पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिक, छूटे हुए मतदाता, बेघर, दिव्यांग एवं महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

इस अभियान में महिला कल्याण, उच्च एवं माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा।

जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी/बीएलओ से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा तहसील एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से भी फार्म प्राप्त किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET मोबाइल ऐप एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी फार्म जमा करने की सुविधा उपलब्ध है।