एसपी ने निरीक्षक गीता राय को प्रदान किया अति उत्कृष्ट सेवा पदक, सफाईकर्मियों को बांटे कंबल
गाजीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को गाजीपुर पुलिस द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन-संघर्ष, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों को याद करते हुए उनके आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने निरीक्षक गीता राय को अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान का सम्मान किया। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों को कंबल वितरित कर उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए महात्मा गांधी के आदर्शों को जनसेवा, कर्तव्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

