गाजीपुर। थाना जंगीपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुमशुदा 19 वर्षीय युवक आदर्श गुप्ता को महज दो घंटे के भीतर औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की तत्परता से युवक को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम नरहपुर निवासी ओमप्रकाश गुप्ता ने 1 अक्टूबर को थाना जंगीपुर में सूचना दी कि उनका पुत्र आदर्श गुप्ता लेक्सिकॉन लाइब्रेरी, लावा में पढ़ाई करने के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए जंगीपुर पुलिस ने तत्काल सर्विलांस सेल गाजीपुर की सहायता से युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम गठित कर थाना सैदपुर एवं जीआरपी औड़िहार के सहयोग से औड़िहार जंक्शन पर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने अथक प्रयास करते हुए आदर्श गुप्ता को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुत्र के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जंगीपुर पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई के प्रति आभार जताया।

