गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद में पुलिस ने व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने आमजन से संवाद करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और उपलब्ध सहायता के प्रति भी जागरूक किया।

वहीं, सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस द्वारा जागरूकता, गश्त और चेकिंग की कार्रवाई लगातार जारी है।