जदयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने जताया आभार, नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार के प्रयासों को बताया अहम

गाजीपुर। जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गाजीपुर की जनता से जुड़ी रेल सुविधाओं को लेकर उनके द्वारा रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी गई थीं। इन मांगों को नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने गंभीरता से लेते हुए अपने कवरिंग लेटर के साथ रेलमंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर प्रमुखता से रखा।
विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि पूर्व में दिलदारनगर जंक्शन पर जियारत एक्सप्रेस के ठहराव तथा सुहेलदेव एक्सप्रेस के रूट में बदलाव से यात्रियों को राहत मिली है। अब उनकी तीसरी मांग को भी स्वीकृति मिल गई है। पाटलिपुत्र से छत्रपति शिवाजी टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 12141/12142 का ठहराव अब गहमर स्टेशन पर 6 अक्टूबर 2026 से सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव के अवसर पर नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार के गहमर आगमन और हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार के प्रति गाजीपुर की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
विनीत कुमार तिवारी ने कहा कि गहमर में पाटलिपुत्र ट्रेन का ठहराव क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इससे एशिया के बड़े गांवों में शामिल गहमर, सैनिकों की धरती तथा आसपास के सैकड़ों गांवों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस ठहराव को मां कामाख्या के चरणों में समर्पित किया।
प्रेस वार्ता में उन्होंने विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण से जमानियां विधानसभा क्षेत्र के किसानों की मांगों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड अन्नदाताओं की मांगों के साथ खड़ी है। आगामी 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में होने वाले प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार के समक्ष किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों के हितों की आवाज को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके साथ किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ पार्टी मजबूती से खड़ी रहेगी।
प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव नौशाद खान, जिला महासचिव सुनील सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, मनीष पटवा, दीपक पटवा एवं जब्बार राइनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।