गाजीपुर। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी पूर्व विधान परिषद सदस्य डा. केदारनाथ सिंह एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डा. प्रमोद मिश्रा की जीत को लेकर शनिवार को जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी अजीत चौबे ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, सक्रियता और समर्पण के साथ चुनावी अभियान में जुट जाएं। उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के परिश्रम को चुनावी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता विधान परिषद क्षेत्र के मतदाताओं से लगातार संपर्क स्थापित करें और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने का अभियान तेज करें। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने पर जोर दिया।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी राणा सिंह ने शिक्षक मतदाताओं के बीच संपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शिक्षक मतदाताओं से संवाद स्थापित कर डा. प्रमोद मिश्रा के पक्ष में मतदान की अपील करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनावी अभियान में पूरी ताकत के साथ जुटें। उन्होंने पार्टी की नीतियों और प्रत्याशियों के विचारों को मतदाताओं तक पहुंचाने को कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
बैठक के दौरान स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डा. केदारनाथ सिंह के 5 अक्टूबर को वाराणसी में प्रस्तावित नामांकन को लेकर भी विस्तृत योजना एवं रणनीति तैयार की गई।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, दयाशंकर पाण्डेय, अच्छेलाल गुप्ता, अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, सुधाकर कुशवाहा, राजेश सोनकर, सशांक राय, हंसराज राजभर, मार्कण्डेय चौहान, राजेश चौहान, अशोक पाण्डेय, गर्वजीत सिंह, सनी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

