गाजीपुर। जनपद में दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए गए। जिला कृषि अधिकारी के माध्यम से विकासखंड सदर के करीब 86 कृषकों को चना एवं सरसों के बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए गए।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि सरकार दलहन एवं तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में छोटे एवं मध्यम किसानों को इन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे परंपरागत खेती के साथ दलहन-तिलहन का रकबा बढ़ने और किसानों की आय को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न बीज गोदामों पर गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर एवं सरसों के प्रमाणित बीज बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर आवेदन कर संबंधित कृषि निवेश केंद्र से बीज प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से समय से आवेदन कर उपलब्ध बीज का लाभ उठाने की अपील की है।

