गाजीपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत विशेष आवश्यकता वाले (दिव्यांग) बच्चों की पहचान, चिकित्सकीय आकलन एवं उन्हें आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के लिए जनपद में 17 मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में कक्षा-8 तक के पात्र दिव्यांग बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया जाएगा।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले इन कैंपों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि मेडिकल असेसमेंट कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांग बच्चे शिविरों तक पहुंच सकें। उन्होंने बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र संबंधी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की पहचान एवं चिकित्सकीय आकलन के साथ उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।

