गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) का कार्य 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होने का संभावित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

गाजीपुर में एफएलसी के लिए BEL Make M-3 मॉडल की 6,275 बैलेट यूनिट (BU), 5,073 कंट्रोल यूनिट (CU) और 4,999 वीवीपैट (VVPAT) उपलब्ध हैं। इन मशीनों की एफएलसी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारू, पारदर्शी एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराई जाएगी।

निर्वाचन विभाग के अनुसार एफएलसी की अंतिम तिथि निर्धारित होने के बाद इसकी अलग से सूचना जारी की जाएगी। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के क्रम में ईवीएम की जांच प्रक्रिया को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिससे मशीनों की कार्यक्षमता और तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा सके।