गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं निरंतर सेवा काल के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से देश सेवा’ के तहत रायफल परिसर में सूचना विभाग द्वारा विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ आमजन ने पहुंचकर प्रदेश की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली।

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित इस प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसमें एयरपोर्ट विस्तार, रोजगार एवं सरकारी नौकरियों, कानून-व्यवस्था में सुधार, एमएसएमई इकाइयों के विस्तार, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की जानकारी प्रमुखता से दी गई है।

प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि विकास और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है। ड्रोन से खेती, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पंप, कृषि यंत्र, आधुनिक मंडियां तथा ई-नाम जैसी सुविधाओं की जानकारी किसानों और आमजन को दी जा रही है। गन्ना, चीनी, एथेनॉल, आम, दूध, आलू, मटर, गेहूं और शहद सहित विभिन्न कृषि उत्पादों में प्रदेश की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है।

महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और महिला श्रम बल भागीदारी में वृद्धि से संबंधित जानकारी शामिल है। इसके साथ स्वास्थ्य सखियों, स्वयं सहायता समूहों, ओडीओपी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और विपणन सहायता जैसी योजनाओं को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है।

काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों की उपलब्धियों के साथ महापुरुषों के सम्मान और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। डॉ. भीमराव आंबेडकर छात्रावास योजना, सरदार पटेल जनपदीय आर्थिक क्षेत्र योजना, महाराणा प्रताप स्मृति छावनी छात्र योजना, अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय योजना और चौधरी चरण सिंह सिटी पार्क योजना की जानकारी भी प्रदर्शनी का हिस्सा है।

इसके अलावा स्वच्छ भारत अभियान, निःशुल्क इलाज, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, डीबीटी के माध्यम से अनुदान, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी उपलब्धियों को भी आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, सूचना विभाग से संजोग सिंह, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।