जमानिया।
जियुतिया पर्व के दौरान महिला के गले से सोने की चेन और जियुतिया लॉकेट चोरी करने के मामले का जमानिया कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की जियुतिया, चेन के दो टुकड़े और एक जोड़ी पायल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मुकदमा संख्या 332/2026, धारा 303(2) बीएनएस में वादिनी ऊषा देवी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने छोटा संसारपार, बड़हलगंज निवासी सुनीता पत्नी अमित हरिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने चेन और जियुतिया चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में तलाशी लेने पर सुनीता के ब्लाउज के अंदर लाल धागे में बंधी पीली धातु की अर्धचंद्राकार जियुतिया बरामद हुई। वादिनी ने बरामद जियुतिया की पहचान अपनी चोरी हुई जियुतिया के रूप में की।

पूछताछ में सामने आई अन्य आरोपित महिलाओं गुड्डी पत्नी शंभू निवासी छोटा संसारपार और प्रेमा पत्नी गोविंद निवासी बाराचवर को पुलिस ने चक्का बांध पंप गृह के दूसरे गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान गुड्डी और प्रेमा के कब्जे से एक-एक चेन का टुकड़ा और एक-एक पायल बरामद हुई।

पुलिस ने मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए तीनों आरोपित महिलाओं के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं में एक के खिलाफ प्रयागराज और देवरिया में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, दिनेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।