गाजीपुर। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय–गाजीपुर (पूर्व) द्वारा गोराबाजार पार्क में स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पार्क परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश रमन, क्षेत्रीय आश्वासन प्रमुख दीपक कुमार झा एवं अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश रमन ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी के स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के विचारों को आत्मसात करते हुए सभी को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। श्रमदान कार्यक्रम ने स्वच्छता के साथ सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया।

