स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 19 तमंचे, 19 पिस्टल और 18 जिंदा कारतूस बरामद

गाजीपुर। अवैध शस्त्रों की तस्करी के खिलाफ गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली क्षेत्र के कैथवलिया पुलिया के पास स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन कथित अंतर्राज्यीय शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध पिस्टल, तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र लेकर कैथवलिया पुलिया के पास डिलीवरी की तैयारी में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन विश्वकर्मा (19), रवि कुमार (19), दोनों निवासी भदौरा थाना गहमर, तथा अभिषेक कुमार (20), निवासी फुल्ली थाना दिलदारनगर के रूप में हुई है।

भारी मात्रा में असलहे बरामद

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 18 पिस्टल .32 बोर, 1 पिस्टल .9 एमएम, 19 देशी तमंचे .315 बोर, तथा 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, ₹900 नकद और TVS Apache मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से अवैध शस्त्र लाकर गाजीपुर में उनकी डिलीवरी करने आए थे। पुलिस अब हथियारों के स्रोत, संभावित खरीदारों और आरोपियों के अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है।

बरामदगी के संबंध में आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी ई-साक्ष्य के माध्यम से भी की गई है।