गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को युवा कल्याण एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले में भव्य साइकिल-बाइक रैली का आयोजन किया गया। विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे युवाओं, खिलाड़ियों एवं पीआरडी जवानों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ रैली में सहभागिता कर देशहित और जनजागरूकता का संदेश दिया।

रैली का आयोजन खेल स्टेडियम, गोराबाजार से किया गया, जहां से युवाओं ने पैदल मार्च करते हुए विकास भवन चौराहे तक पहुंचकर कार्यक्रम का समापन किया। रैली में 450 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में युवाओं का जोश और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अखिलेश यादव, चंद्रकांत यादव, मो. वकार खान एवं आंचल सिंह, खेल विभाग के सभी प्रशिक्षक, देवी प्रसाद क्रीड़ाधिकारी, दिलीप कुमार जिला युवा कल्याण अधिकारी तथा धीरेंद्र कुमार राय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गाजीपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।