गाजीपुर। जनपद के युवा खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 17 अक्टूबर 2026 तक इटावा में किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल बुधवार को नेहरू स्टेडियम, गोरा बाजार गाजीपुर के प्रांगण में आयोजित किया गया।

जिला खेल कार्यालय गाजीपुर की ओर से सुबह 10 बजे आयोजित हॉकी ट्रायल में कुल 57 बाल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के बाद प्रतिभागी खिलाड़ियों में से 10 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी 8 अक्टूबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर वाराणसी में आयोजित मंडलीय चयन में सुबह 10 बजे तक प्रतिभाग करेंगे।

चयन/ट्रायल के दौरान हॉकी प्रशिक्षक बृजेश कुमार एवं देवी प्रसाद विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके मार्गदर्शन और देखरेख में जिला स्तरीय हॉकी चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

वहीं, प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक मुरादाबाद में प्रस्तावित है। इसके लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से नेहरू स्टेडियम, गोरा बाजार गाजीपुर में जिला खेल कार्यालय एवं जिला कबड्डी संघ गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।

इच्छुक बालिका खिलाड़ी 9 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे तक अपना प्रवेश दर्ज करा सकती हैं। चयनित खिलाड़ी 12 अक्टूबर को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा वाराणसी में मंडलीय चयन में प्रतिभाग करेंगी।

ट्रायल में शामिल होने वाली खिलाड़ियों के लिए फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

जूनियर बालिका कबड्डी वर्ग के लिए खिलाड़ी की आयु 20 वर्ष या उससे कम, अर्थात जन्मतिथि 1 जनवरी 2007 के बाद की होनी चाहिए तथा खिलाड़ी का वजन 55 किलोग्राम या उससे कम होना अनिवार्य है।

खेल विभाग की इस पहल से जिले की प्रतिभाओं को प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। हॉकी और कबड्डी के इन चयन ट्रायल्स को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।