गाजीपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जंगीपुर थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई फ्रॉड के शिकार हुए पीड़ित के ₹30,000 वापस उसके खाते में करा दिए।

जानकारी के अनुसार थाना जंगीपुर क्षेत्र के ग्राम अरसदपुर निवासी विजय राजभर पुत्र शोभनाथ राजभर के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से साइबर ठगी के जरिए कुल ₹30,000 की धनराशि निकल गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

उपनिरीक्षक जमालुद्दीन एवं कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्या ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित माध्यमों से कार्रवाई कर साइबर फ्रॉड की धनराशि को होल्ड कराते हुए ₹30,000 की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।

खाते में अपनी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित विजय राजभर ने जंगीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ कि साइबर फ्रॉड होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन की मदद लेना बेहद जरूरी है।