गाजीपुर। बहरियाबाद पुलिस एवं साइबर/सर्विलांस टीम ने गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने विभिन्न कंपनियों के 22 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने CEIR पोर्टल और सर्विलांस/IMEI ट्रैकिंग की मदद से बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामियों की पहचान की। इसके बाद 4 अक्टूबर 2026 को सभी 22 मोबाइल उनके मालिकों को सकुशल सुपुर्द कर दिए गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस टीम के कार्य की सराहना की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सैदपुर के निकट पर्यवेक्षण में की गई। बरामदगी में थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए सोनू यादव तथा कांस्टेबल अंकित कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोबाइल वापस मिलने वाले लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मोबाइल की बरामदगी उनके लिए बड़ी राहत है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं और IMEI नंबर सुरक्षित रखें। सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदते समय भी IMEI की जांच जरूर करें।
कुल बरामदगी: 22 स्मार्ट मोबाइल फोन
अनुमानित कीमत: ₹3,50,000

