गाजीपुर। अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की आंकिक शाखा एवं थाना जंगीपुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयी व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव, स्वच्छता एवं पुलिसकर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आंकिक शाखा के निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने तैनात पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली तथा निर्धारित समय पर ड्यूटी पर पहुंचने, सौंपे गए कार्यों को समय से अपडेट रखने और विभिन्न दस्तावेजों एवं रजिस्टरों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद थाना जंगीपुर का निरीक्षण करते हुए थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति कार्यालय एवं साइबर सेल का जायजा लिया गया। अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या/बलवा रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए फरियादियों से शालीन व्यवहार और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सम्मान, स्वावलंबन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही थाना क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष सहित सभी पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

