गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीमों ने लोगों से संवाद करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं एवं सहायता के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी।
वहीं, अभियान के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग की गई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। अभियान के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया।

