गाजीपुर। ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने पीड़ित को राहत दिलाई है। यूपीआई के माध्यम से फ्रॉड की गई ₹5,674.67 की पूरी धनराशि पुलिस टीम के प्रयास से पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
मामपुर, पोस्ट अलावलपुर अफगां निवासी सुबाष सिंह यादव के साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ था। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई, जिसकी शिकायत संख्या 23112250210484 थी।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी तथा साइबर हेल्प डेस्क टीम के कांस्टेबल शिवम् शर्मा, कांस्टेबल प्रभात कुमार, कांस्टेबल अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल शालू सरोज ने संयुक्त प्रयास किया।
टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से फ्रॉड की गई ₹5,674.67 की संपूर्ण धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित सुबाष सिंह यादव ने नोनहरा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम की सराहना करते हुए पुलिस का हृदय से धन्यवाद किया।
पुलिस की त्वरित साइबर कार्रवाई से पीड़ित को आर्थिक राहत मिली और साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की सक्रियता भी सामने आई।

