गाजीपुर। आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा मॉनिटरिंग सेल कार्यालय का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित होने, आवंटित कार्यों को समय से पूरा करने तथा कार्यों का नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यालय के विभिन्न दस्तावेजों के उचित रखरखाव, साफ-सफाई एवं विभिन्न रजिस्टरों के रख-रखाव की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा विभिन्न जनपदों के कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध माननीय न्यायालयों में विचाराधीन मुकदमों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा दोषियों को अधिक से अधिक सजा दिलाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने मुकदमों की पैरवी से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और मामलों की लगातार मॉनिटरिंग करने पर विशेष जोर दिया।