गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करण्डा पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 12 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के इटहरा मजार के पास की।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक एवं उपनिरीक्षक संतराम यादव मय पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर ताश के पत्तों से कथित रूप से जुआ खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मौके से ताश की एक गड्डी, फड़ से ₹3,580 नकद, एक काले रंग की प्लास्टिक पन्नी तथा जामा तलाशी में ₹1,700 नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। कुल नकद बरामदगी ₹5,280 बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल सिंह (34), सोनू दुबे (27), अनिश कनौजिया (24) और शशिकांत दुबे (52) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अतुल सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी जुआ अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

मामले में थाना करण्डा पर मु0अ0सं0 195/26, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।