स्टोर बंद होने के बाद अंदर छिपा रहा आरोपी, सुबह खुलने पर टूटा मिला कैश काउंटर
गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने जालान्स मेगा स्टोर में चोरी का प्रयास करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राहक बनकर स्टोर में दाखिल हुआ और स्टोर बंद होने के बाद भी अंदर ही छिपा रहा।
जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को करीब 7:54 बजे आरोपी राम यादव ग्राहक के रूप में जालान्स मेगा स्टोर में पहुंचा। स्टोर बंद होने के समय वह बाहर नहीं निकला और न ही किसी को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि वह पूरी रात स्टोर के अंदर ही छिपा रहा।
21 सितंबर की सुबह करीब 9:34 बजे मॉल और स्टोर खुलने पर कैश काउंटर का ताला टूटा हुआ मिला। छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपी ने कैश काउंटर तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया था, हालांकि वह चोरी करने में सफल नहीं हो सका।
सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राम यादव (21 वर्ष), पुत्र रामध्यान यादव, निवासी दुर्गेशी तवकलपुर, थाना मरदह, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 0713/2026, धारा 305(a), 62 तथा बढ़ोत्तरी धारा 331(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह मय हमराह, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर ने आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

