गाजीपुर। समाजवादी पार्टी महिला सभा की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू के गाजीपुर पहुंचने पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बंसी बाजार स्थित डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह भवन सपा कार्यालय से लेकर देवकली ब्लॉक तक जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया गया। रथ पर सवार पुनीता सिंह के साथ निकले सैकड़ों वाहनों के काफिले ने कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।
सपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित मासिक बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव का फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पुनीता सिंह खुशबू को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी देकर पार्टी नेतृत्व ने गाजीपुर को बड़ा सम्मान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।
भव्य स्वागत से अभिभूत पुनीता सिंह खुशबू ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय महासचिव के रूप में मिली जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा, लगन और ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इसके बाद देवकली ब्लॉक में शौर्य संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी पुनीता सिंह खुशबू का जोरदार स्वागत हुआ। शौर्य संगठन के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिक कार्यक्रम में पहुंचे। रथ पर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं पुनीता सिंह का सैनिकों ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया।
सेवानिवृत्त सैनिकों को संबोधित करते हुए पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि “सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।”
उन्होंने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में सैनिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने पर सैनिकों को उनका पूरा सम्मान दिलाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और उनके सम्मान को राजनीतिक प्राथमिकता दिलाने का प्रयास होगा।
पुनीता सिंह खुशबू के स्वागत में निकले वाहनों के लंबे काफिले और जगह-जगह हुए स्वागत ने कार्यक्रम को खास बना दिया। सपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिकों की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम को व्यापक राजनीतिक और सामाजिक संदेश दिया।

