बिरनो (गाजीपुर)। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को विधानसभा जंगीपुर के डांडी कला गांव में पूर्व प्रधान रामकेश पांडेय के दरवाजे पर भाजपा नेता संकठा प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में जन चौपाल का आयोजन किया गया। 

मुख्य अतिथि युवा भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भ्रष्टाचार को लेकर भारत की छवि विश्व के प्रमुख देशों में नकारात्मक रूप से देखी जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस धारणा को बदलने का कार्य किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ सरकार ने देश के विकास को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि कभी विकास के मामले में गाजीपुर और गाजियाबाद की तुलना होने लगी थी, लेकिन वर्ष 2019 में भाजपा प्रत्याशी मनोज सिन्हा की लोकसभा चुनाव में हार से गाजीपुर की विकास यात्रा को नुकसान पहुंचा और इसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ेगा। उन्होंने लोगों से वर्ष 2017 से पहले की उत्तर प्रदेश सरकार और 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों की तुलना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में मोबाइल निर्माण से लेकर ब्रह्मोस जैसी अत्याधुनिक मिसाइलों के निर्माण तक औद्योगिक एवं सामरिक क्षेत्र में प्रदेश नई पहचान बना रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता संकठा प्रसाद मिश्र ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने तथा उनके बारे में आसपास के लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसमें देश के सम्मान, समृद्धि और उत्थान के साथ प्रत्येक नागरिक के विकास की परिकल्पना निहित है। विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा।

भाजपा जिला पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक द्वारा विकास निधि का बंदरबांट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है।

चौपाल को मन्नू राजभर, गोपाल पांडेय, अभिनव सिंह और पंकज राय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।

अध्यक्षता जयचंद ने तथा संचालन पूर्व प्रधान आकाश राजभर ने किया।

इस अवसर पर सत्यनारायण गुप्ता, कौशल्या यादव, चतुर्भुज चौबे, रंजू शर्मा, विनोद गुप्ता, संतोष प्रजापति, रमेश मिश्रा, विनोद गुप्ता प्रधान, धर्मेंद्र शर्मा प्रधान, कार्तिक प्रधान, सुनील कुमार यादव, राजेश राम, दुष्यंत सिंह, रूद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि अभिनव सिन्हा का सैकड़ों लोगों ने शेखपुर चट्टी पर संकठा प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में स्वागत किया और मोटर साइकिल जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया गया।