गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यक्रम संयोजकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके जन्मदिवस से प्रारंभ होने वाला सेवा संकल्प अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत निर्धारित 13 कार्यक्रमों को मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाए तथा प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे।

उन्होंने संयोजकों से अभियान की सभी गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी, व्यापक जनभागीदारी तथा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, कालीचरण राजभर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, रमेश सिंह ‘पप्पू’, रामनरेश कुशवाहा, विष्णु प्रताप सिंह, अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, गर्वजीत सिंह, सुधाकर कुशवाहा, राजेश चौहान, माया सिंह, शांशक शेखर राय, किरण सिंह, साधना राय, शनि चौरसिया, अविनाश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।