गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सरजू पांडे पार्क में जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही संगठन की सक्रियता बढ़ाने और समाज को एकजुट करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री, 8 अक्टूबर को मुंशी प्रेमचंद एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि, 11 अक्टूबर को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती तथा 26 अक्टूबर को महान पत्रकार एवं अमर बलिदानी गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर माल्यार्पण एवं विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

महासभा की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 नवंबर को भगवान श्री चित्रगुप्त जी की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं भंडारे का आयोजन करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।

बैठक में स्नातक निर्वाचन चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को विजयी बनाने की अपील की गई।

महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं से संगठन के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन से ही समाज की पहचान और मजबूती है। संगठन के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कायस्थ समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज का इतिहास राष्ट्रभक्ति और देशसेवा से जुड़ा रहा है। कायस्थ समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सदैव देश और समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री अरुण सहाय ने किया। इस अवसर पर प्रेम कुमार श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, विपिन श्रीवास्तव उर्फ डब्बू, प्रदीप श्रीवास्तव उर्फ राजन, अजय कुमार श्रीवास्तव, मोहनलाल श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, लाल जी श्रीवास्तव, कमल प्रकाश श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।