गाजीपुर। नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत बनाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को और धार देने की रणनीति तैयार कर ली गई है। शनिवार को नन्दगंज तहसील बनाओ–नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा की आवश्यक बैठक बरहपुर स्थित श्री ठाकुर जी राम-लक्ष्मण जानकी महिला महाविद्यालय के सभागार में हुई। बैठक में 22 सितंबर को सरजू पांडे पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए आंदोलन के अगले चरण पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 29 नवंबर को नन्दगंज बाजार में विशाल पदयात्रा एवं विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। पदयात्रा पारस की गली से शुरू होकर शादियाबाद मोड़ होते हुए माहेश्वरी मंदिर तक जाएगी। इसके लिए बाजार के व्यापारियों के साथ ही आसपास के गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की जाएगी।

बैठक में मोर्चा के यूथ विंग का गठन भी किया गया। अंजनी कुमार गौरव को अध्यक्ष, राजन जायसवाल को उपाध्यक्ष, अमन जायसवाल को महामंत्री तथा राहुल यादव को प्रभारी बनाया गया। वहीं केदार सिंह को मोर्चा का संरक्षक नामित किया गया।

मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत सिंह उर्फ मोती सिंह ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नन्दगंज के अधिकारों के लिए मोर्चा लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक नन्दगंज को तहसील और नगर पंचायत का दर्जा, रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव तथा क्षेत्र में 132 केवी विद्युत सब-स्टेशन की स्थापना नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मोर्चा संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नन्दगंज क्रांतिकारियों की धरती रही है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान क्षेत्र के युवाओं द्वारा बाबू भोला सिंह के नेतृत्व में किए गए संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद इस क्षेत्र के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र की जनता अनेक बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस जज्बे और साहस के साथ देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, उसी भावना से नन्दगंज के विकास, हक और अधिकारों के लिए संघर्ष किया जाएगा। नन्दगंज के विकास की मांग को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

बैठक में केदार सिंह, शशिकांत सिंह, शिवशंकर कुशवाहा, लल्लन यादव, अमित नारायण सिंह, दुर्वासा सिंह कुशवाहा, महेंद्र यादव, प्रमोद चौबे, सुनील प्रजापति, चन्द्रमा सिंह यादव, अजय उपाध्याय, तरुण प्रकाश सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, शिवनारायण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।