गाजीपुर। अपराधियों और संगठित गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी जखनिया के आदेश पर थाना बहरियाबाद क्षेत्र के ग्राम पलिवार में गैंगलीडर चन्द्रशेखर राम द्वारा ग्राम सभा की सरकारी जमीन पर निर्मित अवैध पक्के मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना बहरियाबाद में दर्ज मु0अ0सं0 160/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में वांछित दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद गैंगलीडर चन्द्रशेखर राम द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए निर्माण को चिन्हित किया गया। राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों की टीम ने मौके पर पैमाइश कर निर्माण को सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बना हुआ पाया।
इसके बाद उपजिलाधिकारी जखनिया के आदेश के अनुपालन में 23 सितंबर 2026 को पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध मकान को नियमानुसार ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रही।
बताया गया कि उक्त प्रकरण में दो दिन पूर्व ही गैंग संख्या 151/2026 पंजीकृत कर गैंगस्टर एक्ट की धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
कार्रवाई में तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी, राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह व सुधाकर पाण्डेय सहित लेखपालों की टीम तथा थाना बहरियाबाद के थानाध्यक्ष बासदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार बिन्द एवं थाना सादात के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मिश्रा मय हमराह शामिल रहे।
#Ghazipur #GhazipurPolice #Bahariyabad #GangsterAct #PoliceAction #RevenueDepartment #IllegalConstruction #ZeroTolerance #CrimeControl #UPPolice

