गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, सहायता के लिए उपलब्ध पुलिस सेवाओं तथा महिला हेल्पलाइन की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इसी क्रम में सभी थाना क्षेत्रों की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्रता या छेड़छाड़ करने वाले शोहदों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और भयमुक्त वातावरण तैयार करना है। मिशन शक्ति के तहत जागरूकता और कार्रवाई का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

