गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को जनपद के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों/थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की गई। बैठक में थाना क्षेत्रों में घटित विभिन्न अपराधों की प्रकृति, अपराधियों की गतिविधियों तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा एवं माफिया तत्वों तथा अन्य चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और साक्ष्य संकलन को मजबूत बनाने के लिए कैमरों की स्थापना एवं उन्हें लिंक करने, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, पुलिस बीट प्रणाली को और सुदृढ़ करने तथा जनसुनवाई प्रार्थना पत्र एवं आईजीआरएस के मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
बैठक में ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र, पुलिस पेंशनरों की बैठक सहित विभिन्न पुलिस कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के लिए पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं से पहुंचे पुलिसकर्मियों की समस्याओं को पुलिस अधीक्षक ने स्वयं सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

