गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के तहत जनपद गाज़ीपुर पुलिस ने व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के संबंध में जानकारी दी।
वहीं, अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में सघन भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस सक्रियता से जहां असामाजिक तत्वों में हड़कंप देखने को मिला, वहीं महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के माध्यम से गाज़ीपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

