गाजीपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यावती मिश्रा के निधन पर गाजीपुर भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय पर शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की।

जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि सत्यावती मिश्रा का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन परिवार के साथ ही भाजपा परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि सत्यावती मिश्रा ने कलराज मिश्र के कठिन जीवन में महत्वपूर्ण सहयात्री की भूमिका निभाई। उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक है और उनके जाने से पैदा हुई रिक्तता की भरपाई संभव नहीं है।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि सत्यावती मिश्रा एक कुशल गृहणी थीं। उनके निधन से परिवार और समाज को गहरी क्षति हुई है। दुःख की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।

शोक सभा के अंत में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कालीचरन राजभर, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, सरोज मिश्रा, विष्णु प्रताप सिंह, सुमित तिवारी, साधना राय, किरन सिंह, सुधाकर कुशवाहा, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।