गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को वाराणसी मण्डल की 70वीं मण्डलीय विद्यालय बालक/बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में मण्डल के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि एसपी सिटी गाजीपुर डॉ. राकेश कुमार मिश्र ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
एसपी सिटी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन जरूरी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने और जनपद व मण्डल का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन्स एवं बैडमिंटन कोर्ट स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं बेहतर रहीं और प्रतियोगिता सकुशल संपन्न हुई।
समापन अवसर पर आयोजकों ने मुख्य अतिथि, पुलिस लाइन्स के प्रतिसार निरीक्षक, बैडमिंटन कोर्ट स्टाफ, खेल शिक्षकों, अध्यापकों तथा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


