गाजीपुर, 27 सितंबर 2026।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं सत्यदेव डिग्री कॉलेज, बोरसिया फदनपुर के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा क्षेत्र जंगीपुर में वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ जिला पंचायत गाजीपुर की प्रशासक श्रीमती सपना सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सपना सिंह ने रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रोजगार के इच्छुक युवाओं को ऐसे आयोजनों का अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने रोजगार मेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार और युवाओं को उनकी योग्यता एवं मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास एवं प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि सेवायोजन विभाग के माध्यम से देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबन्ध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने वाले ऐसे आयोजनों में संस्थान आगे भी सहयोग करता रहेगा। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से जिले के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।
रोजगार मेले में 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया। इनमें प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, क्वैस कॉर्पोरेशन, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लीलैंड, MRF टायर्स, हिन्दाल्को रेनूकोट, पीएनबी मेटलाइफ, रोहित हाईब्रिड सीड्स सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं।
कंपनियों द्वारा ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन एवं नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया। मेले में 2,000 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जबकि 654 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
चयनित युवाओं को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र/ऑफर लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। रोजगार मेले ने जंगीपुर क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलते हुए “रोजगार से आत्मनिर्भरता” की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

