गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 से 28 सितम्बर तक निर्माण साइटों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 सितम्बर को मेसर्स सुखबीर एग्रो कमोडिटीज, फतेउल्लाहपुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

सहायक श्रम आयुक्त अभिषेक सिंह एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में जिला अस्पताल की 11 सदस्यीय मेडिकल टीम ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर में 205 कर्मकारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

चिकित्सकों ने श्रमिकों की आंखों, ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, बीएमआई एवं सामान्य स्वास्थ्य की जांच की। जांच में सामने आई स्वास्थ्य संबंधी कमियों के आधार पर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद कर्मकारों को दवाएं भी वितरित कीं।

शिविर के दौरान श्रमिकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया। औद्योगिक प्रतिष्ठान में स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से कर्मकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रतिष्ठान के एचआर हिमांक यादव, चिकित्साधिकारी डा. अभय कुमार सिंह, फार्मासिस्ट हिमालय गिरि, नेत्र चिकित्साधिकारी कैलासपति, एलटी विपिन विश्वास, वार्डब्वाय अजीत कुमार यादव सहित मेडिकल एवं प्रतिष्ठान की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।