गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित विभिन्न उपायों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें निर्भीक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना है।

गाजीपुर पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति अभियान लगातार जारी रहेगा तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।