गाजीपुर। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद गाजीपुर में ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने 26/27 सितंबर 2026 को हाईवे पर वाहनों की जांच करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, लखनऊ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में अभियान संचालित हुआ। यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार और एआरटीओ गाजीपुर के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न वाहनों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल पर 06 वाहनों तथा फॉल्टी नंबर प्लेट वाले 02 वाहनों के चालान किए गए। अभियान में कुल 35 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

महिला यात्रियों को हेल्पलाइन की जानकारी

‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान का विशेष फोकस रोडवेज बसों, निजी बसों और डबल डेकर बसों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर रहा। पुलिस टीम ने महिला यात्रियों से उनकी कुशलता पूछी और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए 1090 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

अधिकारियों ने यात्रियों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित यात्रा और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के प्रति जागरूक किया। हाईवे पर चलाए गए इस अभियान से वाहन चालकों और यात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।