गाजीपुर। ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी के मामले में थाना मुहम्मदाबाद की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता के साथ ठगी की गई 3,351 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 13 मिर्दहा मोहल्ला निवासी दानिश अली सिद्दीकी पुत्र स्व. राशिद अली के साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ था। घटना के बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर ACK NO 23107260129817 एवं ACK NO 33111250152445 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने MRM पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शिकायतकर्ता के खाते से ठगी गई कुल 3,351 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक उनके बैंक खाते में वापस करा दी।
ठगी की रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता दानिश अली सिद्दीकी ने गाजीपुर पुलिस एवं थाना मुहम्मदाबाद की साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली।

