गाजीपुर।
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जनपद की सभी सात विधानसभाओं में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 सितंबर 2026 को जिला सेवायोजन कार्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा।

मेला प्रातः 10 बजे से स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में शुरू होगा। जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि मेले में देशभर की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इनमें प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, BIS सिक्योरिटी गार्ड, क्वैस कॉर्पोरेशन, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, MRF टायर्स, हिंडाल्को रेनूकोट, PNB मेटलाइफ सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।

विभिन्न कंपनियों द्वारा सुरक्षा गार्ड, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, कंस्ट्रक्शन वर्कर, ईवी तीन पहिया चालक, NAPS ट्रेनी समेत अनेक पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा।

8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक-परास्नातक, ITI, डिप्लोमा, ANM, GNM, GDA, कौशल प्रशिक्षित एवं कंस्ट्रक्शन वर्कर समेत विभिन्न योग्यताधारी अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी योग्यता के अनुसार कंपनियों में आवेदन कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों एवं छायाप्रतियों के साथ 23 सितंबर को सुबह 10 बजे रोजगार मेले में पहुंचना होगा। कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 155330 अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।